फर्रुखाबाद। जनता से सद्भावपूर्ण संबंध बनाने व महिलाओं को सुरक्षित रखने के लिए पुलिस की ओर से वीरांगना मुहिम चलाई जा रही है। इसको लेकर एएसपी ने महिला थाना समेत सभी थानों में एक-एक महिला पुलिस कर्मी को नोडल अधिकारी बनाया है। ये यूपी की उम्मीद संस्था के साथ मिलकर हर थाना क्षेत्र में लोगों के साथ बैठकें कर महिलाओं को जागरूक करने का काम करेंगी।
अपर पुलिस अधीक्षक अजय प्रताप ने जनपद में वीरांगना मुहिम को शुरू करने के लिए थाना स्तर पर नोडल अधिकारी नामित की हैं। इसमें शहर कोतवाली से सिपाही पूनम, फतेहगढ़ से रतनेश, मऊदरवाजा से आरती शर्मा, महिला थाने से रूपकली, मोहम्मदाबाद से अंतिम राठी, जहानगंज थाने से रचना कुमारी, नवाबगंज से रोशनी, कमालगंज से नीलम माथुर, अमृतपुर से पूजा, राजेपुर से सोनी, कायमगंज से कल्पना, शमसाबाद से कोमल, कंपिल से नीरज सिंह, मेरापुर थाने से किरनपाल को नोडल अधिकारी बनाया गया है। सभी नोडल अधिकारी उम्मीद संस्था के साथ मिलकर अपने-अपने थाना क्षेत्रों में महिलाओं को मजबूत करने के लिए आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में शामिल होंगी। थाने में शिकायत करने आई महिला से सद्भाव पूर्ण व्यवहार करेंगी। उसकी समस्या का अपने स्तर से निस्तारण कराने का प्रयास करेंगी। इसके बाद भी समस्या का हल न निकलने पर उच्चधिकारियों को सूचना देकर हल करवाने में भूमिका को निभाएंगी।