वैक्सीन न आने पर ग्रामीणों ने काटा हंगामा
अमृतपुर। कोरोना का टीका लगवाने पहुंचे ग्रामीण वैक्सीन न आने पर हंगामा करके बिना टीका लगवाए घर लौट गए। डॉक्टर ने वैक्सीन न आने की जानकारी एमओआईसी को दी है।
तहसील क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिथनापुर में कोराना का टीका लगाया जा रहा है। कई लोग टीका लगवा चुके हैं। बुधवार को स्वास्थ्य केंद्र पर दूसरा व पहला टीका लगवाने को सुबह से ही लोग पहुंच गए।
काफी देर तक टीका लगाने का काम शुरू न होने पर लोग हंगामा करने लगे। ग्रामीण रवेंद्र पाल, मदनपाल, रामप्रकाश, ऊषा देवी, श्यामा देवी, जगदीश चंद्र, रघुवीर सहाय, रामकिशन, सुरेश चंद्र आदि लोगों ने डॉ. सुधीर सिंह से जानकारी ली। उन्होंने लोगों से कहा कि वैक्सीन आ रही है।
काफी देर तक इंतजार करने के बाद डॉक्टर से ग्रामीणों की नोकझोंक होने लगी। ग्रामीण वैक्सीन न आने पर बिना टीका लगवाए घर चले गए। डॉक्टर इसकी जानकारी एमओआईसी डॉक्टर प्रमित राजपूत को दी है। मुख्य चिकित्साधिकारी वंदना सिंह ने बताया कि बुधवार टीकाकरण का दिन था। इसलिए एएनएम अपने क्षेत्र में टीकाकरण करने गईं थीं। इससे टीका नहीं लग पाया है। गुरुवार को टीका लगेगा।