फर्रुखाबाद। नवीन मंडी अर्रा पहाड़पुर के पास मानव रहित रेलवे क्र ॉसिंग बंद किए जाने की सूचना पर ग्रामीणों ने अर्रा पहाड़पुर रेलवे क्रॉसिंग पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। इस दौरान ट्रेन के आने पर पुलिसकर्मियों ने समझा-बुझाकर ट्रैक खाली करवाया।
मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के नवीन मंडी अर्रा पहाड़पुर के पास मानव रहित रेलवे क्र ॉसिंग 157सी. है। गुरुवार सुबह सहायक मंडल इंजीनियर यूएस शर्मा कर्मचारियों को लेकर क्रॉसिंग पर पहुंचे और दोनों तरफ पोल लगाकर गेट को बंद करने लगे।
इसकी सूचना जैसे ही गांव ताढ़ का नगला, नूरपुर, खेरे, गुतासी, जसमई, नेकपुर खुर्द के ग्रामीणों को हुई तो वह लोग मौके पर आ गए। ग्रामीणों ने रेलवे कर्मचारियों से गेट को बंद न करने की बात कही।
इस पर रेलवे कर्मचारियों ने ग्रामीणों से कहा कि सरकार के आदेश पर ही वह लोग काम कर रहे हैं। इन गेटों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। इसी को देखते हुए यह गेट बंद किए जा रहे हैं।
यह सुनकर ग्रामीण आक्रोशित हो गए और रेलवे ट्रैक पर बैठकर प्रदर्शन करने लगे। मामले की सूचना रेलवे कर्मचारियों ने आलाधिकारियों को दी। कुछ ही देर में आरपीएफ के दरोगा राजपाल यादव, मऊदरवाजा एसओ सुनील यादव फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए।
फोर्स ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। ग्रामीणों का कहना था कि वह लोग सब्जियां लेकर आते हैं। इस क्रॉसिंग से नवीन सब्जी मंडी पास पड़ती है। अगर क्रॉसिंग बंद हो गई तो काफी घूमकर मंडी तक जाना होगा। इस बीच लखनऊ-पैसेंजर ट्रेन आती दिखी।
पुलिस और आरपीएफ ने जैसे-तैसे ग्रामीणों को समझा बुझाकर ट्रैक को खाली कराया। कुछ समय बाद ग्रामीणों ने मालगाड़ी को रोकने का प्रयास किया लेकिन वह भी निकल गई। पुलिस और रेलवे के सहायक मंडल इंजीनियर ने ग्रामीणों को समझाया कि यह काम बंद नहीं हो सकता है।
स्टेशन अधीक्षक उमाशंकर प्रसाद कौशिक ने बताया कि इस क्रॉसिंग के एक किलोमीटर अंदर 158बी. रेलवे क्रॉसिंग है। एक किलोमीटर के अंदर दो क्रॉसिंगें नहीं हो सकती हैं। सरकार मानवरहित क्रॉसिंग बंद करवा रही है। जिस वजह से 157सी. क्रॉसिंग को बंद किया गया है।