अमृतपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर में जननी सुरक्षा योजना के फार्म जमा करते समय आशा से रुपये लेते कर्मचारी का वीडियो वायरल हो रहा है।
यह वीडियो अधिकारियों तक पहुंच गया है। अब इसकी जांच कराई जाएगी।
पिछले दिनों राज्य स्तरीय टीम के निरीक्षण में राजेपुर सीएचसी की प्रसूताओं के परिजनों ने प्रसव के नाम एक-एक हजार रुपये लिये जाने की शिकायत की थी।
गुरुवार को एक वीडियो वायरल हुआ, इसमें आशा से जननी सुरक्षा योजना का फार्म जमा कराते समय कर्मचारी रुपये लेते दिख रहा है।
इस संबंध में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. प्रमित राजपूत ने बताया कि वीडियो काफी पुराना है। रुपये लेने वाला संविदा पर तैनात ब्लाक एकाउंटेंट मैनेजर(बैम) है।
फिलहाल वह इसकी जांच कराएंगे। सीएमओ डॉ.अवनींद्र कुमार ने बताया कि वीडियो के आधार पर जांच कराकर दोषी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी।