फर्रुखाबाद। बिजली विभाग की टीम ने चोरी पकड़ने के बाद वसूली का खेल किया तो वीडियो वायरल होने लगे हैं। वायरल वीडियो में विभाग का ही एक कर्मचारी पीड़िता के घर में बैठकर रुपये गिनते दिखाई दे रहा है। बाद में फोन पर बातचीत करते कह रहा है कि साहब 40 हजार रुपये से कम न लेने की बात कह रहे हैं। रुपये वापस भी कर रहा है। 40 हजार रुपये की मांग पूरी न होने पर एक उपभोक्ता के खिलाफ लोड बढ़ाकर एफआईआर दर्ज करा दी गई, जबकि कई को छोड़ दिया गया।
बिजली विभाग के एसडीओ रामप्रवेश प्रजापति के नेतृत्व में शुक्रवार शाम शहर के मोहल्ला गंगानगर में बिजली चोरी पकड़ने का अभियान चला। मोहल्ले वालों का कहना है कि टीम ने करीब 15 घरों में बिजली चोरी पकड़ी और सभी का केबल जब्त कर कनेक्शन काट दिए गए। बाद में एक बिजली कर्मचारी देर रात तक मोहल्ले में ही सेटिंग करता रहा।
टेंपो चालक के घर के केबल में कट लगा देख टीम ने बिजली चोरी का आरोप लगाए। टेंपो चालक के घर में कर्मचारी ने बिजली चोरी की कार्रवाई न करने के नाम पर रुपये लिए। इसके कई वीडियो वायरल हो रहे हैं। टेंपो चालक की पत्नी व सास ने गरीबी का हवाला दिया। इस मामले के वीडियो बनाए जा रहे थे। बिजली कर्मी 40 हजार रुपये में मामला निपटने की बात कह रहा है, जबकि कर्मचारी को रुपये गिनकर महिला 13 हजार रुपये बता रही है।
इसी दौरान बिजली कर्मी साहब से फोन पर बात करने लगता है। इसके बाद कहता है कि साहब 40 हजार से कम रुपये न लेने की बात कह रहे हैं। कई वीडियो में मकान के अलग-अलग हिस्सों में कर्मचारी रुपये गिनते और वापस करते दिखाई दे रहा है। हालांकि पीड़ित परिवार के 40 हजार रुपये न दे पाने पर मात्र एक उपभोक्ता पर लोड बढ़ाकर एफआईआर दर्ज करवा दी है।
एसडीओ रामप्रवेश प्रजापति ने बताया कि गंगानगर में पांच उपभोक्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। वसूली के वीडियो वायरल होने की जांच कराकर कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
25 हजार के इनामी को पुलिस ने जेल भेजा
कंपिल। थाना क्षेत्र के गांव इकलहरा निवासी शमशुल सहित कई लोगों के खिलाफ गोकशी का मुकदमा दर्ज हुआ था। पुलिस काफी समय से शमशुल की तलाश कर रही थी, लेकिन वह पकड़ में नहीं आ रहा था। एसपी ने आरोपी के खिलाफ 25 हजार का इनाम घोषित किया था। रविवार को सटीक सूचना पर पुलिस ने गांव इकलहरा से शमशुल को दबोच लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने इनामी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। (संवाद)