नवाबगंज। कस्बे में चल रही रामलीला में शनिवार रात कलाकारों के डांस के दौरान कथित अश्लीलता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई। रविवार सुबह वीडियो जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के एक्स हैंडल तक पहुंचने के बाद अधिकारियों ने जवाब तलब किया। पुलिस ने रामलीला कमेटी के अध्यक्ष अनिल वर्मा उर्फ नन्हे को पदाधिकारियों सहित थाने बुलाया।
प्रभारी निरीक्षक क्राइम एवं कार्यवाहक थानाध्यक्ष ब्रजमोहन पाल ने कमेटी पदाधिकारियों से रामलीला आयोजन का अनुमति पत्र मांगा। साथ ही सख्त हिदायत दी कि मंच पर किसी भी तरह का डांस नहीं कराया जाएगा। ऐसा होने पर रामलीला बंद करा दी जाएगी।
बताया गया कि शनिवार रात रामलीला में डांस कार्यक्रम के दौरान एक व्यक्ति से इनाम लेने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में कथित अश्लील तरीके से इनाम लेने का दृश्य दिखाई देने का दावा किया गया।
कमेटी पदाधिकारियों ने पुलिस को मौखिक आश्वासन दिया कि आगे मंच पर किसी भी दशा में डांस कार्यक्रम नहीं होगा। प्रभारी निरीक्षक क्राइम ब्रजमोहन पाल ने बताया कि कमेटी ने अनुमति पत्र नहीं दिखाया तो रामलीला का आयोजन नहीं होने दिया जाएगा।