फर्रुखाबाद। जिले में दो स्थानों पर हुई मार्ग दुर्घटनाओं में सब्जी विक्रेता और छात्र की मौत हो गई। दोनों युवक हेलमेट नहीं लगाए थे। इससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं।
मेरापुर थाने के गांव तिलियानी निवासी धर्मेंद्र सिंह (21) की मऊदरवाजा थाने के गांव निब्बी नगला में ससुराल है। वह रविवार को साली की शादी में आया था। सोमवार शाम वह रिश्तेदार को छोड़ने जसमई आया था। जसमई में ही किसी वाहन ने टक्कर मार दी। इससे घायल होने पर धर्मेंद्र को लोहिया अस्पताल लाया गया। हालत गंभीर होने पर परिजन निजी अस्पताल ले गए। वहां देर रात मौत हो गई। उसकी छह माह पहले ही शादी हुई थी। पत्नी रीनू देवी, मां सरोजनी देवी, बहन हेमलता और भाई सुरेंद्र व सोनू हैं। धर्मेंद्र इंटर का छात्र था।
नवाबगंज प्रतिनिधि के अनुसार बरतल निवासी सब्जी विक्रेता अजयपाल दिवाकर (27) बाइक से बबना दावत खाने गया था। देर शाम कुछ लोगों ने बलोखर गांव के पास सड़क किनारे उसे पड़ा देखा। उसे सीएचसी पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर परिजन उसे लोहिया अस्पताल ले जा रहे थे तभी रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। पत्नी ज्योति, मां रामबेटी और बच्चे प्रज्ञा तथा अनुराग का रो-रो कर बुरा हाल है। दोनों युवक हेलमेट नहीं लगाए था। उनके सिर में ही चोट आई। हेलमेट लगाए होते जो जान बच सकती थी।