वीडीओ, स्वास्थ्य कर्मी और सिपाही संक्रमित
फर्रुखाबाद। जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ रही है। शुक्रवार को आई रिपोर्ट में स्वास्थ्य कर्मी, उसके पुत्र, सिपाही और वीडीओ समेत 11 लोग संक्रमित निकले। अब संक्रमितों की संख्या 755 पहुंच गई है। इनमें तीन संक्रमित होम क्वारंटीन किए गए हैं।
राजेपुर ब्लाक में तैनात ग्राम पंचायत विकास अधिकारी सरकारी काम से लखनऊ गए थे। वहां से आने के बाद उन्होंने जांच कराई। शुक्रवार को रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके अलावा राजेपुर ब्लाक के गांव दहिलिया निवासी खंडौली में स्वास्थ्य विभाग में वार्डब्वॉय और उसके पुत्र की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। तीनों को होम आइसोलेट किया गया है।
इसके अलावा मेरापुर थाने में तैनात एक सिपाही गुरुवार को एंटीजन किट की जांच में कोरोना पॉजिटिव पाया गया था। वह भी कोरोना संक्रमितों की सूची में शामिल हो गया है। राजेपुर के लीलापुर निवासी युवक बस्ती में सिक्योरिटी की नौकरी करने एक माह पहले गया था।
वहां बुखार, जुकाम होने पर उसे घर भेज दिया गया। यहां वह अपने ट्यूबवेल पर ही रुक गया। उसके संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। इसके अलावा खाखटमऊ के दो, दनपुर के एक और शास्त्रीनगर का युवक भी कोरोना पॉजिटिव निकला है। कायमगंज का 36 साल का युवक कपड़ा बेचने का काम करता है।
उसका पूरा परिवार पहले ही संक्रमण की चपेट में आ चुका है। इसके अलावा डीपीआरओ के संपर्क में आए ऑफीसर्स कालोनी निवासी छात्र की भी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जनपद में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 755 हो गई है। 16 लोगों की मौत हो चुकी है। 443 लोग ठीक हो चुके हैं, 236 लोगों का इलाज चल रहा है।