शहर के मोहल्ला साहबगंज चौराहे पर वसंत पंचमी पर पतंगबाजी का लुत्फ लेता परिवार।
- फोटो : FARRUKHABAD
मां सरस्वती का वंदन, वसंत का अभिनंदन
फर्रुखाबाद। माघ माह की पंचमी को प्रज्ञा की देवी मां सरस्वती के पूजन के साथ लोगों ने वसंत का अभिनंदन किया। छतों पर डीजे लगाकर नृत्य किया और पतंगबाजी भी की। परिजनों मित्रों के साथ भुने आलू व पकवान खाए और देर रात पटाखे चलाए।
साहित्यिक संस्था कौमुदी काव्य भारती ने लोहाई रोड स्थित स्कूल में पूजन के बाद काव्य गोष्ठी आयोजित की। इसमें केशव पंडित ने कहा कि साहित्य ही समाज के मंथन का सशक्त माध्यम है। कपिध्वज मिश्र उर्फ कपिल ने मां सरस्वती की वंदना की। अमिता मिश्रा ने नारी की पीड़ा को उजागर किया। रामशंकर अवस्थी, अध्यक्षता कर रहे कृष्णकांत अक्षर ने भी कविता पाठ किया।
नंदन त्रिपाठी, पवन मिश्रा, विनय पांडेय आदि मौजूद रहे। गायत्री शक्तिपीठ मऊदरवाजा में पांच कुंडीय यज्ञ का आयोजन किया गया। एबीवीपी के प्रांजुल तिवारी के निवास पर हुई सरस्वती पूजन कार्यक्रम में सदर विधायक मेजर सुनील द्विवेदी, जिला प्रचारक दीपेश एवं एबीवीपी के संगठन मंत्री ज्ञानेंद्र सिंह, सभासद भप्पू सोनी और अंबरीष अग्निहोत्री शामिल हुए।
कायमगंज प्रतिनिधि के अनुसार गंगा दरवाजा स्थित गायत्री धाम में सरस्वती का अवतरण दिवस मनाया गया। 24 कुंडीय महायज्ञ में तमाम लोगों ने आहुतियां दीं। सुरेंद्र गुप्ता आदि मौजूद रहे। शमसाबाद प्रतिनिधि के अनुसार वसंत ढाई घाट पर जगह-जगह भंडार हुए। गांव कुइया खेड़ा, मिलकिया के लोगों का भी सहयोग रहा। शुभारंभ कन्या पूजन और भोज से किया कया। देर शाम तक धार्मिक आयोजन चलते रहे।