फोटो-9 लकूला पानी की टंकी के वॉल्व की मरम्मत करते कर्मचारी। संवाद
फर्रुखाबाद। मोहल्ला लकूला स्थित पानी की टंकी के वॉल्व की कटी सीट की मंगलवार देर रात मरम्मत पूरी कर ली गई। रात में नलकूपों से टंकी भरने के बाद बुधवार सुबह दो हजार घरों में जलापूर्ति की जाएगी।
इससे लोगों को बुधवार को राहत मिलने की उम्मीद बंधी है। नगर पालिका की लकूला स्थित पानी की टंकी में लगे वॉल्व की सीट कटने से टंकी में पानी चढ़ना बंद हो गया था। लिहाजा जलकल विभाग ने सोमवार सुबह मरम्मत का काम शुरू करवा दिया।
इसके बाद पेयजलापूर्ति बंद कर दी गई। सोमवार शाम और मंगलवार को पूरे दिन आधे आवास विकास कॉलोनी, एसआर कोल्ड स्टोरेज, लकूला, पीतमनगलरा, बधौआ, भोलेपुर आंशिक के करीब दो हजार घरों में पानी नहीं मिल सका। इससे सुबह से ही लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
पालिका के जलकल विभाग की टीम सोमवार शाम तक वॉल्व को बमुश्किल खोल सकी। मंगलवार देर रात तक सीट डालकर वॉल्व को कस दिया गया। अवर अभियंता जलकल विशाल सिंंह तोमर ने बताया कि मरम्मत का काम पूरा हो गया है। नलकूप चलवाकर टंकी को भरा जाएगा। बुधवार सुबह से सामान्य दिनों की तरह पेयजलापूर्ति बहाल कर दी जाएगी।