टीकाकरण शुरू, खत्म होगा कोरोना का खौफ
फर्रुखाबाद। विश्व में तबाही मचाने वाली कोरोना महामारी का अब अंत होना तय है। शनिवार को टीकाकरण शुरू होने के साथ निश्चित हो गया कि जल्द ही कोरोना का खौफ खत्म हो जाएगा। तीन अस्पतालों में हुए टीकाकरण में राजेश कुमारी, राजीव व भोलानाथ को पहले टीके का सौभाग्य मिला। चिकित्सीय सेवा दे रहे स्वास्थ्यकर्मियों का भी हौसला बढ़ा है। हालांकि तीनों अस्पतालों में 300 लक्ष्य के सापेक्ष पहले दिन 152 स्वास्थ्य कर्मियों ने टीका लगवाया।
दस माह से कोरोना महामारी के प्रकोप का अंत की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिले के स्वास्थ्यकर्मियों के लिए 7440 डोज वैक्सीन मिली है। शनिवार को पहले दिन लोहिया महिला अस्पताल, सीएचसी कमालगंज व मोहम्मदाबाद में स्वास्थ्यकर्मियों का टीकाकरण किया गया। इसके लिए अस्पतालों को पहले से सजाया गया। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस तैनात रही।
जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह व पुलिस अधीक्षक आशोक कुमार मीणा ने लोहिया महिला अस्पताल में फीता काटकर टीकाकरण का शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने कक्षों का भ्रमण कर व्यवस्था देखी। यहां पहला टीका स्टाफ नर्स राजेश कुमारी को लगाया गया। इसके बाद सूची में शामिल अन्य स्वास्थ्यकर्मियों को लगाया गया। इस दौरान सीएमओ डॉ.वंदना सिंह, एसीएमओ डॉ.दलवीर सिंह, सीएमएस डॉ. कैलाश, डब्ल्यूएचओ की शिवानी भंडारी आदि मौजूद रहे।
कमालगंज सीएचसी में सीडीओ डॉ.राजेंद्र पैंसिया सुबह 11 बजे पहुंच गए। उन्होंने व्यवस्था और लाभार्थियों की सूची देखी। पहले लाभार्थी लैब टेक्नीशियन राजीव कटियार से बातचीत की। फिर सीडीओ के सामने ही एएनएम नीलम गौतम ने उन्हें सबसे पहले टीका लगाया। इसके बाद 30 मिनट तक ऑब्जरवेशन रूम में बैठाया गया।
दोपहर 12.15 बजे पहुंचीं सीएमओ डॉ.वंदना सिंह ने टीकाकरण व्यवस्था देखने के साथ ऑब्जरवेशन रूम में बैठे कर्मचारियों से हालचाल लिए। सीएमओ ने बताया कि वैक्सीन लगने के बाद किसी को कोई परेशानी नहीं हुई। मोहम्मदाबाद सीएचसी में दोपहर 12:00 बजे डिप्टी सीएमओ डॉ.राजीव शाक्य की देखरेख में टीकाकरण शुरू हुआ। यहां सबसे पहला टीका राजकीय यूनानी चिकित्सालय पिपरगांव के फार्मासिस्ट भोलानाथ वर्मा को एएनम अंजनी राजपूत ने लगाया।
शाम को पांच बजे तक लोहिया महिला अस्पताल में 43, मोहम्मदाबाद सीएचसी में 62 और कमालगंज सीएचसी में 47 स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाया गया।
50 प्रतिशत ही हो सका टीकाकरण
सीएमओ डॉ. वंदना सिंह ने बताया कि तीनों अस्पतालों में पहले दिन 300 टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया था। शाम पांच बजे तक 50 प्रतिशत टीकाकरण हुआ। उन्होंने बताया कि टीका लगने के बाद किसी को दिक्कत नहीं हुई। 28 दिन बाद दूसरा टीका लगाया जाएगा। जिन स्वास्थ्य कर्मियों ने शनिवार को टीका लगवाया है। उन्हें 15 फरवरी को दूसरा टीका लगाया जाएगा। टीकाकरण के लिए जो कर्मचारी उपस्थित नहीं हो सके हैं उन्हें अलग से समय दिया जाएगा। सत्यापन के लिए पहचान पत्र साथ लाना होगा।