फर्रुखाबाद। एक शिकायत के बाद क्षेत्रीय प्रबंधक (आरएम) की फटकार के बाद ठेलियां हटवाने पर लोगों ने हंगामा कर दिया। कई लोग जबरन ठेली लगाने पहुंचे, तो स्टेशन प्रबंधक से विवाद हो गया। उन्होंने पुलिस को सूचना दे दी। विवाद से बचने की मंशा से सभी ठेली वाले एकत्रित होकर सदर विधायक के यहां पहुंचे। दोपहर बाद ठेलियों को दोबारा लगा लिया गया।
रोडवेज बस अड्डा के सामने निगम और फुटपाथ पर 50 से अधिक ठेली वाले दुकानें लगाते हैं। इससे बसों के संचालन में दिक्कत होती है। यही नहीं डिपो की जमीन पर जलपान गृह का ठेका लेने वाले ने भी आरएम से शिकायत की। आरएम ने ठेली न हटवाने पर केंद्र प्रभारी गौरीशंकर व स्टेशन प्रबंधक जितेंद्र सिंह पर विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए।
स्टेशन प्रबंधक जितेंद्र सिंह मंगलवार सुबह पहुंचे और ठेलियों को हटवाया। इसी दौरान कई ठेली वालों ने विवाद खड़ा कर दिया। काफी देर तूतू-मैंमैं के बाद माहौल बिगड़ता देख स्टेशन प्रबंधक ने थाना कादरीगेट पुलिस को सूचना दी।
पुलिस आने की आशंका को देखते हुए ठेली वाले ई-रिक्शा से सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी के आवास पर पहुंचे। उन्होंने गरीबों की रोजी रोटी छिन जाने का रोना रोया। उन्होंने ठेली वालों को समस्या समाधान का भरोसा दिया।
दोपहर बाद करीब तीन बजे सभी ठेलियां दोबारा लगवा दी गईं। स्टेशन प्रबंधक जितेंद्र सिंह ने बताया कि एआरएम विभागीय मीटिंग में बाहर गए हैं। उन्होंने उच्चाधिकारियों से अवगत करवा दिया है। एआरएम के आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।