उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में फर्जी जाति प्रमाणपत्र से नौकरी हासिल करने वाले बर्खास्त दोनों सैनिकों को शुक्रवार को जेल भेज दिया गया। मुकदमे की जांच सरह चौकी इंचार्ज को सौंपी गई है। सैन्यकर्मियों ने दोनों से वर्दी व किट के रुपये जमा कराए।
फतेहगढ़ स्थित सिख लाइट इंफेंट्री रेजिमेंटल सेंटर के प्लाटून हवलदार शेर सिंह ने गुरुवार को पंजाब के जिला संगरूर जिले के खनारी थाना क्षेत्र के गांव चंदू निवासी रवि कुमार और तरनताल जिले के गोइंद्रल साहिब थाना क्षेत्र के कंग गांव निवासी गुरमीत सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। दोनों पर फर्जी जाति प्रमाणपत्र से नौकरी हासिल करने का आरोप है।
पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया था। सैन्यकर्मियों ने दोनों से वर्दी व किट के रुपये जमा करवाए थे। दोनों बर्खास्त सैनिकों ने बताया कि दलालों के माध्यम से जाति प्रमाणपत्र बनवाए थे। कोतवाल जय प्रकाश पाल ने बताया कि दोनों बर्खास्त सैनिकों को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से जेल भेज दिया गया है।