फर्रुखाबाद। सजायाफ्ता कैदी की कानपुर मेडिकल कॉलेज में हेपेटाइटिस बी की बीमारी से इलाज के दौरान मौत हो गई। बंदी गैसिंगपुर प्रधान के चचेरे जेठ थे। प्रधान के पति भी हत्या में आजीवन कारावास में जेल में बंद हैं।
मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव गैसिंगपुर निवासी प्रधान इच्छा राठौर के पति शरद राठौर उर्फ मोनू, चचेरे जेठ राजीव उर्फ छोटे गुड्डू(52) सहित सात लोगों को ईसी एक्ट न्यायाधीश ने 22 मार्च 2022 को हत्या में आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी।
इसके बाद से सातों लोग जिला जेल में बंद हैं। बंदी राजीव उर्फ छोटे गुड्डू हेपेटाइटिस बी की बीमारी से ग्रसित थे। शनिवार को उनकी हालत बिगड़ने पर जेल प्रशासन ने उसको लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। परिजन अभय प्रताप सिंह को इसकी सूचना दी। परिजन भी लोहिया अस्पताल पहुंचे। जहां डॉक्टर ने राजीव की हालत गंभीर होने पर उसको कानपुर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। रात को ही उसको मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। रविवार सुबह इलाज के दौरान राजीव की मौत हो गई। जेलर अखिलेश कुमार ने बताया कि कैदी की हेपेटाइटिस की बीमारी से इलाज के दौरान मौत हुई है।