उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में पुलिस की लापरवाही का एक और मामला सामने आया है। यहां पुलिस के घर पहुंच कर पिता की फोटो खींचने से बेटी की शादी टूट गई। अब पिता ने एसपी के सामने पहुंचकर इज्जत से जिंदगी जीने की गुहार लगाई है। जानिए क्या है पूरा मामला...
फर्रुखाबाद में 70 वर्षीय बुजुर्ग चार मुकदमों में कोर्ट से बरी हो चुका है। 29 वर्ष से उस पर कोई आपराधिक मुकदमा दर्ज नहीं है, इसके बावजूद पुलिस उसे अपराधी मानती है और टॉपटेन सूची में शामिल किए है। पुलिस ने घर जाकर बुजुर्ग की फोटो खींची तो उसकी बेटी का रिश्ता टूट गया है। गुरुवार को बुजुर्ग ने पुलिस के रिकार्ड में कोर्ट से बरी होने के प्रमाण लगाने और इज्जत की जिंदगी जीने देने की गुहार एसपी को दिए प्रार्थनापत्र में लगाई है।