फर्रुखाबाद क्षेत्र पंचायत सदस्य के पति ने राजेपुर के नवनिर्वाचित ब्लॉक प्रमुख, सीओ अमृतपुर, राजेपुर थानाध्यक्ष, एक दरोगा, तीन सिपाही और चार अज्ञात लोगों के खिलाफ कोर्ट में अर्जी दायर की है। इसमें भाजपा प्रत्याशी को चुनाव जिताने के लिए प्रत्याशी व सीओ पर साजिश रचने और एसओ, पुलिस कर्मियों पर पत्नी का नामांकन न कराने का दबाव बनाने, घर में घुस कर मारपीट करने, धमकी देने व कार में रखे रुपये व कागजात चोरी करने का आरोप लगाया है।
सुनवाई के बाद सीजेएम ने शहर कोतवाली से 23 जुलाई तक आख्या मांगी है। शहर कोतवाली के मसेनी चौराहा निवासी संजय कुमार सिंह ने नवनिर्वाचित राजेपुर ब्लाक प्रमुख पल्लव सोमवंशी, सीओ अमृतपुर अजेय कुमार शर्मा, एसओ राजेपुर देवेश कुमार, दरोगा उदय नारायन शुक्ला, सिपाही रिंकू, निशांत यादव, छोटेलाल व चार अज्ञात लोगों के खिलाफ सीजेएम कोर्ट में अर्जी दायर की है।
इसमें कहा कि उसकी पत्नी सुनीता ग्राम सथरा से बीडीसी सदस्य निर्वाचित हुई थी। दूसरी ओर आंतर के निर्वाचित बीडीसी सदस्य पल्लव सोमवंशी भाजपा के प्रत्याशी घोषित हुए। सीओ व एसओ ने चुनाव के लिए नामांकन न करने का पत्नी पर दबाव बनाया। सात जुलाई की रात सीओ व एसओ ने उनके घर आकर गालीगलौज कर जान से मारने की धमकी दी।
उनके एक समर्थक को भी उठा ले गए। एसपी से शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। आठ जुलाई की रात एसओ अन्य पुलिस कर्मियों के साथ घर में घुसकर मारपीट कर महिलाओं से अभद्रता की। घर के बाहर खड़ी कार से दस हजार रुपये व जरूरी कागजात चोरी कर ले गए। यह घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। पीड़ित के अधिवक्ता डॉ. दीपक द्विवेदी ने अर्जी पर दलीलें पेश कीं। सीजेएम ने शहर कोतवाली से जांच कर रिपोर्ट मांगी है।