फर्रुखाबाद। सिटी मजिस्ट्रेट पारुल तरार ने मंगलवार को शहर के मसेनी स्थित पांचाल घाट रोड स्थित मां गौरी अस्पताल में छापा मारा। वहां उन्हें कोई डाॅक्टर नहीं मिला और न ही हास्पिटल का पंजीकरण था। उन्होंने अस्पताल को सील करा दिया।
शहर में अपंजीकृत कई नर्सिंग होम अब भी चल रहे हैं। इसके चलते प्रशासन आए दिन कार्रवाई कर रहा है। साथ ही नर्सिंग होम में प्रसव के दौरान महिला की मौत से संबंधित नर्सिंग होम की शिकायत भी की गई है। इसके चलते बीबीगंज स्थित बालाजी नर्सिंगहोम में सिटी मजिस्ट्रेट ने छापा मारा। अस्पताल पंजीकृत था। ऑन कॉल डॉक्टर आने की जानकारी दी गई। आग बुझाने के पर्याप्त इंतजाम नहीं मिले। उन्हें नोटिस दिए जाने की बात कही। साथ ही जांच से संबंधित कागज लेकर कार्यालय में उपस्थित होने के लिए नोटिस जारी किए जाने की जानकारी सिटी मजिस्ट्रेट ने दी। साथ ही गलत इलाज किए जाने का आरोप लगाकर की गई भोलेपुर स्थित गीता क्लीनिक की शिकायत पर भी सीटी मजिस्ट्रेट ने वहां पहुंचकर जांच की। वहां उन्हें डॉक्टर उपस्थित मिले। उनसे इलाज संंबंधी कागज लेकर कार्यालय आने के लिए कहा।