रोडवेज बस अड्डे पर मास्क लगाने की हिदायत देते एआरएम आरसी यादव।
- फोटो : FARRUKHABAD
रोडवेज परिसर में बिना मास्क प्रवेश प्रतिबंधित
फर्रुखाबाद। कोरोना के बढ़ते प्रकोप के बीच रोडवेज प्रशासन ने परिसर को रोजाना तीन बार सैनिटाइज कराने और बिना मास्क के प्रवेश न देने के निर्देश दिए गए हैं। एआरएम ने पूरी टीम के साथ बसों, प्रतीक्षालय में चेकिंग अभियान चलाया। जिन लोगों के पास मास्क नहीं थे, उन्हें पांच रुपये में उपलब्ध करवाया गया।
एआरएम आरसी यादव, केंद्र प्रभारी उर्मिला दुबे, वरिष्ठ लिपिक जीपी पाठक, पूछताछ प्रभारी शिवप्रकाश दुबे आदि ने टीम बनाकर पूरे परिसर में जांच की। चालक और परिचालकों को निर्देश दिए कि किसी भी कीमत पर बिना मास्क के कोई भी यात्री सीट पर न बैठे। जो यात्री मास्क न लगाए, उसे बस में प्रवेश न दिया जाए। संक्रमण की बढ़ती रफ्तार को लेकर रोडवेज प्रशासन ने भी सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं।
टूंडला पैसेंजर ट्रेन आज रहेगी निरस्त
फर्रुखाबाद। टूंडला से फर्रुखाबाद के बीच चल रही पैसेंजर ट्रेन को रविवार को निरस्त कर दिया गया है। स्टेशन अधीक्षक योगेंद्र कुमार शाक्य ने बताया कि कोरोना संक्रमण की बढ़ती रफ्तार को देखते हुए रेल प्रशासन ने इस ट्रेन को रविवार के लिए निरस्त कर दिया है। सोमवार को पूर्व की भांति इसका संचालन होगा। (संवाद)