फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की परीक्षाएं फरवरी में शुरू होने वाली हैं। परीक्षा की तैयारी कर रहे बच्चों के मन में कई तरह के प्रश्न उठ रहे हैं। चिंता सता रही है कि जो कुछ वह याद कर रहे हैं क्या वे प्रश्न पेपर में आएंगे। अंग्रेजी विषय को लेकर छात्र-छात्राओं में ज्यादा असमंजस रहता है। उनकी शंकाओं को दूर करने के लिए अंग्रेजी विषय के शिक्षकों व मेधावी परीक्षा की तैयारी सही से करने के तरीके बता रहे हैं।
महीयसी महादेवी वर्मा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी) की अंग्रेजी विषय की शिक्षक सरिता त्रिवेदी ने बताया कि तैयारी करते समय छात्र-छात्राएं स्लेबस का पूरा अध्ययन करें। पाठ्यक्रम के अनुसार प्रत्येक चैप्टर और कविता को अच्छी तरह से समझें। पुराने प्रश्न पत्रों और मॉडल पेपर का अभ्यास करें। इससे परीक्षा के पैटर्न और महत्वपूर्ण प्रश्नों का अंदाजा होगा।
शब्दावली बढ़ाएं। हर दिन 5-10 नए शब्द सीखें और उनके अर्थ, वाक्य प्रयोग और पर्यायवाची शब्द याद करें। सवाल को सही तरीके से समझें और वही लिखें जो पूछा गया है। बिना समझे जल्दबाजी में उत्तर न दें। लंबे उत्तर लिखने की बजाय मुख्य बिंदुओं पर ध्यान दें। वाक्यों को छोटा और सरल रखें।
अंग्रेजी विषय में अच्छे अंक पाने को नियमित पढ़ें डिक्शनरी-ब्रजेश : भारतीय विद्यालय इंटर कॉलेज कालेज महेशनगर मोहम्मदाबाद के अंग्रेजी विषय के प्रवक्ता कहते हैं कि वैसे विद्यार्थियों को बहुत ज्यादा समझाने की जरूरत नहीं है। बस उनके मार्गदर्शन की जरूरत है।
अंग्रेजी विषय में अच्छे अंक पाने के लिए प्रतिदिन कम से कम 10 पेज लेखन कार्य करें, ऑक्सफोर्ड डिक्शनरी को नियमित रूप से पढ़ें। प्रश्न पत्र हल करते समय एक बात अवश्य ध्यान रखें कि कोई भी प्रश्न छूट न जाए।
सभी प्रश्नों को ध्यान पूर्वक पढ़ें और धैर्य पूर्वक समझदारी से उत्तर दें। प्रश्नोत्तर क्रमबद्ध लिखें। एक प्रश्नोत्तर और दूसरे प्रश्नोत्तर के बीच उचित अंतराल करें। प्रश्न चाहे अपठित गद्यांश के हों, व्याकरण संबंधी हों या फिर सामान्य से प्रश्न हों। सभी प्रश्नों को उचित महत्व देते हुए पूरे अंक लाने की कोशिश करें। समय बद्धता अति आवश्यक है।