फर्रुखाबाद। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऑनलाइन हुई ब्रेनोब्रेन प्रतियोगिता में जिले का कक्षा नौ के छात्र उज्ज्वल चैंपियन रहे। इस प्रतियोगिता में 42 देशों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया था।
कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव रसीदपुर निवासी ब्रह्मानंद द्विवेदी कारागार मुख्यालय लखनऊ में विधि सहायक के पद पर तैनात हैं। वह परिवार समेत लखनऊ में रहते हैं। उनके छोटे पुत्र उज्ज्वल ने राज्य स्तरीय ब्रेनोब्रेन प्रतियोगिता में वर्ष 2017 में प्रतिभाग किया था। यह प्रतियोगिता कानपुर के सेठ आनंद राम जयपुरिया स्कूल में हुई थी। इसमें वे चैंपियन रहे थे।
इसके बाद 28 अप्रैल 2019 में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता दिल्ली में हुई थी। इसमें भी उज्ज्वल प्रथम स्थान पर रहे थे। कोरोना के कारण अंतरराष्ट्रीय ब्रेनोब्रेन प्रतियोगिता 9 जनवरी को ऑनलाइन कराई गई। इसमें भी उज्जवल चैंपियन रहे।
उन्होंने बताया कि यह प्रतियोगिता चेन्नई का ब्रेनोब्रेन इंस्टीट्यूट कराता है। यह तीन चरण में होती है। इसमें दिमाग की परीक्षा होती है। चार मिनट में 42 सवालों के जवाब देने थे। उसने 42 सवालों में 38 के जवाब चार मिनट में दिए थे। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए मां मंजुला द्विवेदी ने प्रेरित किया था। वह लखनऊ पब्लिक स्कूल में पढ़ रहे हैं।