फर्रुखाबाद। अज्ञात वाहन ने युवकों की बाइक में टक्कर मार दी। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को लोहिया अस्पताल भिजवाया। डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंचे दोनाें के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। एक युवक की आठ माह पहले ही शादी हुई थी।
रविवार को जनपद कन्नौज के गांव मुरैया हाल निवासी कुटरा फतेहगढ़ के अमन तिवारी उर्फ अनूप(28), थाना मऊदरवाजा के ग्राम अदिउली निवासी राेहित दुबे उर्फ भूरे(30) बाइक से नवाबगंज जा रहे थे। अमन के बहनोई की नवाबगंज थाना क्षेत्र के दीपपुर नगरिया में ट्रैक्टर एजेंसी है। दोनाें युवक दोपहर 12:30 बजे वहां जाने के लिए निकले। रास्ते में गांव खिनमिनी के पास शाम करीब 5:45 बजे अज्ञात वाहन ने इनकी बाइक मेें टक्कर मार दी। दोनों सड़क किनारे गिरकर घायल हो गए। दोनों हेलमेट नहीं लगाए थे।
वहां से गुजरे ग्रामीणों ने दोनों को पड़ा देखकर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर मऊदरवाजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस से दोनों को लोहिया अस्पताल लाया गया। जहां तैनात चिकित्सक ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। जानकारी पर परिजन लोहिया अस्पताल पहुंचे। अमन की मां मुन्नी देवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अमन के बड़े भाई विजय व अजय हैं। अमन एजेंसी पर रहकर ट्रैक्टर चलाता था। तीन बहनों की शादी हो चुकी है। रोहित दिल्ली में रहकर प्राइवेट नौकरी करता है। वह आज ही होली पर त्योहार मनाने घर आया था। उसका आठ माह पूर्व शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सेनापति निवासी सुरेंद्र पांडेय की पुत्री कंचन से विवाह हुआ था। मॉ रन्नो देवी, भाई प्रशांत और प्रभात दुबे बेहाल हो गए।