रोडवेज बस स्टैंड पर पड़ा जहरखुरानी का शिकार युवक।
- फोटो : FARRUKHABAD
जहरखुरान गिरोह का शिकार बने दो युवक
फर्रुखाबाद। रोडवेज बस से यात्रा कर रहे दो युवकों को जहरखुरान गिरोह ने शिकार बना लिया। सूचना पर परिजन दोनों को घर ले गए।
अमृतपुर थाना क्षेत्र के गांव अल्हापुर निवासी रामकृपाल (25) दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करता है।
मंगलवार सुबह नौ बजे वह बस स्टैंड पर बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। ड्यूटी पर तैनात पीआरडी जवानों ने पूछताछ प्रभारी शिवप्रकाश दुबे को सूचना दी। उन्होंने पीआरडी जवानों से युवक की जेबें चेक कराईं, तो उसमें आधार कार्ड मिल गया। इसके आधार पर परिजनों को सूचना दी गई। परिजन ओमबिहारी उसे घर ले गए।
पीआरडी जवान अजय दुबे ने बताया कि सुबह करीब 11 बजे आगरा की बस से शाहजहांपुर का एक परिवार उतरा। उनके साथ मौजूद 18 साल का युवक बेहोश था। वह परिवार हैदराबाद से वापस आया था। परिजनों ने अपना नाम नहीं बताया। इतना जरूर कहा कि यह उनका बेटा है। मना करने पर भी बस में सबसे आगे बैठ गया। रास्ते में उसे किसी ने नशीला पदार्थ खिला दिया। ज्यादा पैसे उसके पास नहीं थे। परिजन शाहजहांपुर डिपो की बस में बैठकर घर चले गए।