कायमगंज। कोतवाली क्षेत्र के गांव प्रेमनगर निवासी किसान राजपाल (65) गांव रायपुर में मटर बेचकर हाथ ठेला लेकर वापस जा रहे थे। वह शकुंतला देवी स्कूल के पास पहुंचे, तभी एक ई-रिक्शा चालक ने उनके हाथ ठेले में टक्कर मार दी। इससे राजपाल को चोट आ गई।
घटना की सूचना मिलने पर उनके पुत्र प्रदीप (30) और ओमशिव (25) मौके पर पहुंच गए। ई-रिक्शा चालक से कहासुनी होने लगी। इसी दौरान मौके पर मौजूद कुछ अज्ञात लोगों ने दोनों भाइयों पर चाकू से हमला कर दिया, इससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। प्रभारी निरीक्षक एमएम चतुर्वेदी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है, तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।