पुलिस गिरफ्त में असलहे सप्लाई करने के आरोपी।
- फोटो : FARRUKHABAD
लुटेरों को असलहे सप्लाई करने वाले दो तस्कर गिरफ्तार
फर्रुखाबाद। बरेली-इटावा हाईवे पर ट्रक चालकों से मारपीट व लूट के मामले में आरोपियों को तमंचे सप्लाई करने वाले मैनपुरी के दो तस्कर एसओजी ने पकड़ लिए। इनके पास से एक देसी राइफल समेत ग्यारह तमंचे बरामद किए गए हैं। पूछताछ में पकड़े गए लोगों ने अन्य तस्करों के नाम उजागर किए हैं।
मंगलवार को पुलिस लाइन के सभागार में एएसपी अजय प्रताप ने बताया कि सोमवार रात गांव खुड़ना वैद्य स्थित चौराहे के पास से दोनों तस्करों को दबोचा गया। पूछने पर तस्करों ने बताया कि वह जनपद मैनपुरी के थाना बेवर गांव जासमई निवासी सीपेंद्र उर्फ सीपू, पंकज चौहान हैं। इनके पास से पुलिस ने एक देसी राइफल व नौ तमंचे समेत पांच कारतूस बरामद किए।
एएसपी ने बताया कि एक अगस्त को मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र में बरेली-इटावा हाईवे पर लूट करने के आरोपी पकड़े गए थे। पूछताछ में उन लोगों ने असलहे सप्लाई करने वाले दोनों तस्करों के नाम उजागर किए थे। तभी से पुलिस इनकी सरगर्मी से तलाश कर रही थी। इन लोगों ने कई अन्य तस्करों के नाम भी उजागर किए हैं। उनकी भी गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की कई टीमों को लगाया गया है।