छिबरामऊ-मार्ग मार्ग स्थित यात्री प्रतीक्षालय में सो रहा ग्रामीण देर रात लघुशंका के लिए उठा और सड़क पार करने लगा। तभी तेजी से आ रहे किसी वाहन ने टक्कर मार दी। इससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
थाना क्षेत्र के गांव जैतपुर निवासी रामप्रकाश का 40 वर्षीय पुत्र रिंकू शनिवार रात घर के सामने छिबरामऊ-फतेहगढ़ मार्ग स्थित यात्री प्रतीक्षालय में सो रहा था। देर रात वह लघुशंका करने के लिए उठा। वह सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान किसी वाहन ने उसे टक्कर मार दी। रिंकू की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
सुबह परिवार के लोग उठे तो उसे लहूलुहान हालत में पड़ा देखा। इस पर परिजन पास गए और हिलाकर देखा तो उसकी मौत हो चुकी थी। भाई निर्देश कुमार ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने रिंकू के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। निर्देश कुमार ने बताया कि 10 वर्ष पहले भाई रिंकू की शादी हुई थी।
भाई की पत्नी राममूर्ति कुछ दिनों बाद ही उसे छोड़कर चली गई। भाई का एक पुत्र हिमांशु है। भाई मजदूरी करके परिवार का भरण पोषण करता था। पुलिस को रिंकू की जेब से एक देसी शराब का पौवा भी मिला। रिंकू की मां राधादेवी प पिता रामप्रकाश का रो-रो कर बेहाल हो गए।
उधर, थाना क्षेत्र के गांव जैतपुर निवासी इंद्रपाल सिंह का 30 वर्षीय पुत्र राहुल सिंह दिल्ली में प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था। ताऊ श्रीकिशन का देहांत हो जाने पर वह तेरहवीं के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए परिवार समेत गांव आया था। शनिवार रात वह टेंपो से हलवाई को फतेहगढ़ छोड़ने गया था।
लौटते समय बघार नाले के पास टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। राहुल टेंपो के नीचे दब गया। यह देख उधर से गुजर रहे लोगों ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस मौके पर पहुंच कर टेंपो को सीधा कराया और राहुल को बाहर निकाला। लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
सूचना पर पहुंचे परिजन शव को गांव में ले गए। रविवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। राहुल की पत्नी चुन्नी देवी, भाई आदित्य, मां राधा देवी का रो-रो कर बेहाल हो गईं। राहुल का एक माह का पुत्र निमिष मां की गोद में बिलख रहा था।