संवाद न्यूज एजेंसी
मोहम्मदाबाद। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने ग्रामीण की हत्या में उसके चचेरे भतीजों पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि भतीजों ने संपत्ति को लेकर हत्या कर दी। इस मामले में चचेरे भाई ने दुर्घटना में मौत होने का मुकदमा मोहम्मदाबाद कोतवाली में पहले दर्ज कराया था।
कोतवाली क्षेत्र के गांव पंचम नगरिया निवासी राजेश कुमार ने सीजेएम के आदेश पर जनपद कन्नौज के थाना विशुनगढ़ के गांव सिंहपुरटडा निवासी गुल्लू उर्फ जनमेद व सुदेश के खिलाफ मामा जागेश्वर की हत्या करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। इसमें कहा है कि गांव सिंहपुर टडा निवासी नाना ठकुरी सिंह के तीन संतानें थीं। मामा जागेश्वर व मां के अलावा मौसी हैं। मामा जागेश्वर ने विवाह नहीं किया था। इसलिए वह अपने मामा के पास ही रहता था। 23 जुलाई को मामा को उनके चचेरे भतीजे गुल्लू उर्फ जनमेद व सुदेश घर से काम के बहाने बुलाकर ले गए।
24 जुलाई को अज्ञात युवक ने मामा जागेश्वर को मृत अवस्था में लोहिया अस्पताल पहुंचाया। जनमेद के पिता वीर सिंह ने कोतवाली मोहम्मदाबाद में बोलेरो की टक्कर से मामा जागेश्वर की मौत होने का मुकदमा दर्ज कराया। जब पूरे मामले की जानकारी उसने की तो गांव के ही एक ग्रामीण ने बताया कि घटना के दिन गुल्लू उर्फ जनमेद व सुदेश ने अपने चाचा जागेश्वर के साथ मारपीट की और प्लाट बेचकर रुपये उसे देने की बात कह रहे थे। इन लोगों ने ही मामा की हत्या कर दुर्घटना का झूठा मुकदमा दर्ज करा दिया। कोतवाल ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज जांच की जा रही है।