नवाबगंज। बाइकों की भिड़ंत में दो लोगों की मौके पर मौत हो गई। रिश्तेदार गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों को सीएचसी से लोहिया रेफर कर दिया गया। काश्तकार बेटी के लिए लड़का देखने जा रहा था।
शमसाबाद थाना क्षेत्र के गांव रशीदपुर तराई निवासी काश्तकार देवकीनंदन(50) की बहन बबली मेरापुर थाना क्षेत्र के गांव बेहटा मुरलीधर में ब्याही है। देवकी नंदन बेटी छाया के लिए लड़का देखने कमालगंज थाना क्षेत्र के गांव भुलनापुर निवासी रिश्तेदार राम प्रसाद (60) के साथ शुक्रवार को बाइक से बबली के गांव जा रहे थे।
मेरापुर थाना क्षेत्र की चौकी अचरा के गांव रूखैया खालीदादपुर के पास गांव प्रहलादपुर निवासी विक्रम की बाइक से उनकी मोटरसाइकिल की सीधी भिड़ंत हो गई। बाइक चला रहे देवकीनंदन की मौके पर मौत हो गई। रिश्तेदार राम प्रसाद, विक्रम गंभीर रूप से घायल हो गए। विक्रम की बाइक पर बैठा साथी धनपाल मौके से भाग गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल रामप्रसाद व विक्रम को सीएचसी नवाबगंज में भर्ती कराया। वहां हालत गंभीर होने पर दोनों को लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। शाम को राम प्रसाद ने भी दम तोड़ दिया।काश्तकार की मौत की सूचना पर बेटी छाया, अलका, बेटा अनुराग मौके पर पहुंचे। सभी दहाड़े मारकर रोने लगे। पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज करने की बात कही।