--
फैसिलिटी सेंटर से दो कोरोना संदिग्ध भागे
युवकों पर एफआईआर के आदेश, गुजरात से दो दिन पहले आए थे
निगेटिव रिपोर्ट आने पर 38 डिस्चार्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखाबाद। क्वारंटीन फैसिलिटी सेंटर मेजर एसडी सिंह मेडिकल कालेज में कोरोना जांच को लाए गए दो युवक शुक्रवार को भाग गए। जिलाधिकारी को निरीक्षण के दौरान मामले की जानकारी हुई। इस पर उन्होंने युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के आदेश दिए।
जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह व मुख्य विकास अधिकारी डा.राजेंद्र पैंसिया ने मेजर एसडी सिंह व बाबू सिंह मेडिकल कॉलेज फैसिलिटी क्वारंटीन सेंटर का निरीक्षण किया। वहां 94 मरीज थे। इनमें कोरोना जांच के बाद 38 की रिपोर्ट निगटिव आ चुकी है। इस पर डीएम ने उन्हें डिस्चार्ज करने के निर्देश दिए। वहीं मेजर एसडी सिंह मेडिकल कॉलेज में बेहतर सफाई के लिए ईओ से नगरपालिका की टीम लगाने को कहा।
इसी बीच डॉ. प्रज्ञा मिश्रा ने जानकारी दी कि मेजर एसडी मेडिकल कॉलेज से बाबू सिंह मेडिकल कॉलेज में मरीजों को शिफ्ट कराने के दौरान कायमगंज क्षेत्र के गांव पपड़ी निवासी जांच को लाए गए कोरोना संदिग्ध दो युवक भाग गए। यह दोनों युवक अहमदाबाद से दो दिन पूर्व लौटे थे। इस पर जिलाधिकारी ने दोनों युवकों को पकड़वाने के साथ उनके विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही डीएम ने रसोईघर में भोजन की गुणवत्ता देखी। इसके अलावा सीडीओ ने क्वारंटीन फैसिलिटी सेंटर डा.अनार सिंह मेडिकल कालेज का निरीक्षण कर कोरोना संदिग्ध मरीजों से भोजन आदि व्यवस्थाओं की जानकारी ली। बिजली व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। सीएमओ डा.चंद्रशेखर भी मौजूद रहे।