फर्रुखाबाद। पेट्रोल पंप का लाइसेंस दिलाने के नाम पर रिटायर्ड सैनिक से ऑनलाइन ठगी कर ली गई। मामले में पुलिस ने ठगी करने वाले मुरादाबाद जिले के दो लोगों को ऑडी कार समेत गिरफ्तार कर लिया।
इनके कब्जे से 25 लाख की नकदी, छह मोबाइल, 10 सिम व 22 एटीएम कार्ड बरामद हुए हैं। पुलिस ने आरोपियों को जेल भेज दिया है। पुलिस इनके खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई करने की तैयारी में लग गई है।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला ग्रानगंज निवासी रिटायर्ड सैनिक सुरेशचंद्र से अप्रैल 2025 में पेट्रोल पंप दिलाने के नाम पर ऑनलाइन 40 लाख रुपये की ठगी कर ली गई थी। सुरेशचंद्र की तहरीर पर साइबर थाने में रिपोर्ट दर्ज हुई थी।
मुखबिर की सूचना पर साइबर क्राइम टीम प्रभारी राजेश कुमार ने बीते दिन ऑडी कार में सवार दो युवकों को दबोचा था। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम जुनैद आलम निवासी थाना व मोहल्ला बिलारी व कादिर निवासी थाना कठघर मोहल्ला करुला अनवार नगर जनपद मुरादाबाद बताए। कड़ाई से पूछताछ करने पर उन्होंने रिटायर्ड सैनिक से ऑनलाइन ठगी करने का जुर्म स्वीकार किया।
एएसपी ने बताया कि कुछ दिन पहले इनके तीन अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए साइबर ठगों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की जाएगी। वहीं पीड़ित रिटायर्ड सैनिक सुरेशचंद्र रकम मिलने पर खुश नजर आए और उन्होंने पुलिस को धन्यवाद दिया।
फर्जी वेबसाइट बना ऑनलाइन पेट्रोल पंप का लाइसेंस का दिया लालच
मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार में एएसपी डॉ. संजय कुमार सिंह ने पत्रकारों को बताया कि दोनों आरोपी फर्जी वेबसाइट बनाकर ऑनलाइन पेट्रोल पंप का लाइसेंस आवंटन का लालच देते थे।
इसके बाद रजिस्ट्रेशन के नाम पर मोटी रकम दूसरों के खातों में डलवाकर एटीएम से निकलवा लेते थे। इनके कब्जे से 40 लाख कीमत की एक ऑडी कार, 25 लाख नकद, छह मोबाइल, 22 एटीएम कार्ड बरामद किए गए हैं। इस अवसर पर सीओ मोहम्मदाबाद अजय वर्मा मौजूद रहे।
फोटो- 19 पुलिस लाइन सभागार के बाहर खड़ी कार के पास बाहर खड़े आरोपी व पुलिस कर्मी। संवाद