कंपिल। थानाक्षेत्र के गांव इकलहरा में दोपहर को अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग से बीस झोपड़ियां जलने से लाखों का नुकसान हो गया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फायर ब्रिगेड देर से पहुुंचने पर ग्रामीणों ने रोष व्यक्त किया।
गांव इकलहरा निवासी नन्हकू सोमवार को अपने बीमार बेटे शाहरुख को कंपिल दवा दिलाने गया था। इसी दौरान दोपहर को उसकी झोपड़ी में किसी तरह आग लग गई। तेज हवा चलने से आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। गांव के ग्रामीण कुछ समझ पाते कि देखते ही देखते पड़ोस के शहनवाज खान, अयूब खान, तेजुब खान, नन्हें लाल, मुबीन, आजाद, जायद अली, तकदिरन बेगम पत्नी शिवली, रहीस, भूरे, करू, छोटे, अमीरे, अब्दुल हकीम, औलाद अली, कमरुद्दीन, समीम, तहसीम, फहीम की झोपड़ियों को चपेट में ले लिया। आग से गांव में चीख पुकार मच गई। ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने जैसे-तैसे झोपड़ियों में बंधे जानवरों को बाहर निकाला। दोपहर में झोपड़ियों के अंदर सो रहे ग्रामीणों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकालकर जान बचाई। ग्रामीणों ने पंपसेट व हैंडपंप चलाकर पानी व मिट्टी डालकर आग पर करीब दो घंटे बाद काबू पाया। ग्रामीणों ने थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर होमगार्ड पहुंचे। एसडीएम अनिल कुमार को घटना की सूचना मिलते ही लेखपाल अरुण कुमार को मौके पर अग्निपीड़ितों का हाल जानने के लिए भेजा। फायर ब्रिगेड एक घंटे देर से पहुंचने पर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई। लेखपाल ने अग्निपीड़ितों से जानकारी जुटाई। बताया कि रिपोर्ट उच्चधिकारियों को भेज मुआवजा दिलवाया जाएगा।
लाखों का हुआ नुकसान
आग लगने से नन्हकू का घरेलू सामान तीन क्विंटल गेहूं, दो क्विंटल सरसों, दो हजार की नगदी सहित पचास हजार का नुकसान हुआ है। शहनवाज का घरेलू सामान पांच क्विंटल गेहूं, अयूब खान का घरेलू सामान दो क्विंटल सरसों, चार क्विंटल गेहूं, तेजुब खान का घरेलू सामान तीन हजार की नगदी, नन्हें लाल का घरेलू सामान तीन क्विंटल गेहूं, मुबीन का घरेलू सामान, आजाद का घरेलू सामान चार क्विंटल सरसों, जायद अली का घरेलू सामान पांच क्विंटल गेहूं, तकदिरन बेगम पत्नी शिवली का घरेलू सामान दो क्विंटल गेहूं, एक बोरी सरसों, रहीस का घरेलू सामान जलकर राख हो गया। वहीं भूरे की पांच क्विंटल सरसों, पांच मुर्गी, बत्तीस हजार की नगदी जल गई। भूरे सोमवार को ही कंपिल सरसों बेचकर रुपये ले गए थे। करू, छोटे, अमीरे आदि का भी सामान जल गया। आग लगने से करीब 6 लाख का नुकसान होने का अनुमान है।