फर्रुखाबाद। गाजेबाजे के साथ रविवार को ठाकुर जी (विष्णु भगवान) की बारात निकाली गई। बरगदिया घाट पर धूमधाम से तुलसी विवाह हुआ। इस दौरान भव्य झांकियां निकाली गईं।
रविवार तड़के श्री तुलसी विवाह बारात कमेटी फतेहगढ़ के प्रबंधक अनुराग दुबे डब्बन के नेतृत्व में मोहल्ला गोला कोहना स्थित राधाकृष्ण मंदिर से ठाकुर जी (विष्णु भगवान) की बारात प्रारंभ हुई। बारात में सबसे आगे भगवान गणेश और उसके पीछे रिद्धि-सिद्धि, तुलसी, विष्णु भगवान की झांकी थीं।
गणेश के स्वरूप में विनायक मिश्र, रिद्धि के स्वरूप में आकांक्षा, सिद्धि के स्वरूप में करिश्मा, तुलसी के स्वरूप में खुशबू वर्मा और भगवान विष्णु के स्वरूप में पूनम वर्मा रथ पर सवार थीं। बारात मुख्यमार्गों से होती हुई बरगदिया घाट पहुंची। यहां विधि-विधान से तुलसी विवाह कार्यक्रम कराया गया।
इस दौरान जगह-जगह बारात पर पुष्पवर्षा की गई। आतिशबाजी भी छुड़ाई गई। अनुराग दुबे ने कहा कि अगले वर्ष कार्यक्रम को और भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर राजेंद्र कुमार, पंडित दिनेश दुबे, विजय वैश्य, निशीत सक्सेना, सुभाषचंद्र मिश्र, सोनू राजपूत, लाली सिंह, मल्लू यादव, लक्ष्मन टंडन, कुलदीप मिश्र, अजय शर्मा, अवनीत पांडेय, गोपाल दुबे, कन्हैया, राघव मिश्र, आदि मौजूद रहे।