शमसाबाद। शुकुरुल्लापुर स्थित रेलवे ओवरब्रिज का मरम्मत कार्य पूरा होने से पहले ही बृहस्पतिवार रात को कई वाहन गुजर गए। इनमें ट्रक भी शामिल थे। शुक्रवार सुबह मरम्मत किए गए एक्सपेंशन ज्वाइंट पर पहियों के निशान मिले। इसके बाद ओवरब्रिज के दोनों ओर मिट्टी और झाड़ियां डालकर वाहनों का आवागमन रोका गया। शाम तक रेलवे ने एक एक्सपेंशन ज्वाइंट की मरम्मत पूरी कर ली, जबकि दूसरे पर काम जारी रहा। मसाला पकने में दो दिन लगने की बात कही जा रही है।
फर्रुखाबाद-कायमगंज मार्ग पर शुकुरुल्लापुर के पास यह ओवरब्रिज वर्ष 2023 में चालू हुआ था। ओवरलोड ट्रकों के कारण पटरी के ऊपर मुख्य पुल के दोनों तरफ एक्सपेंशन ज्वाइंट क्षतिग्रस्त हो गए थे। रेलवे के सीनियर सेक्शन इंजीनियर (कार्य) नीरज निषाद ने बताया कि 7 जुलाई को ओवरब्रिज पर सड़क आवागमन बंद करके मरम्मत शुरू करवाई थी। वाहनों को रोकने के लिए मजबूत व्यवस्था के बजाय पुल के दोनों तरफ मिट्टी डाली गई थी। बृहस्पतिवार शाम की बारिश में मिट्टी धंस गई, जिससे रात में ट्रक और अन्य वाहन निकल गए। एक ज्वाइंट की मरम्मत हुई थी, जबकि दूसरा खोदा गया था, जिससे पटरी दिखने लगी थी। गनीमत रही कि रात में भारी वाहन से कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
जबरन निकल जाते कई दोपहिया वाहन
ओवरब्रिज के आसपास उलियापुर, परमनगर, उम्मररपुर, कलुआपुर, गुसरापुर, बछलइया, शुकुरुल्लापुर, रामनगर समेत 20 से अधिक गांव के लोग दोपहिया वाहनों को रात में ही नहीं दिन में भी जबरन निकाल लेते हैं। शुक्रवार दिन में भी रेलवे कर्मचारियों के मना करने पर भी कई वाहन निकलते रहे। इससे काम में बाधा पहुंच रही है।
पूरी तरह वाहन बंद न हो पाने से आई दिक्कत
सीनियर सेक्शन इंजीनियर (कार्य) नीरज निषाद ने बताया कि पांच दिन का ब्लॉक लिया गया था। वाहन पूरी तरह बंद नहीं हो सके, जिससे काम में बाधा आई। कुछ काम बचा हुआ है। तय समय पर पूरा होगा या नहीं, यह शनिवार को पता चलेगा।
चौराहे पर वाहनों का दबाव, सुरक्षा कर्मियों की संख्या बढ़ी
नवाबगंज। शुकुरुल्लापुर ओवरब्रिज पर मरम्मत के चलते वाहन बंद होने से रूट डायवर्जन के चलते कस्बा के चौराहे पर वाहनों का दबाव बढ़ा है। इससे कई बार जाम जैसे हालात बनते हैं। यातायात सुचारु बनाने की मंशा से थाना पुलिस ने अब पांच सिपाही और पांच होमगार्डों की ड्यूटी लगाई है। यह सुरक्षा कर्मी सुबह आठ से शाम पांच और शाम पांच से सुबह पांच बजे तक लगे हैं। इसके बावजूद कई बार जाम जैसे हालात बन रहे हैं। प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि वाहनों की संख्या बढ़ने से पुलिस कर्मियों को सख्ती से यातायात नियमाें का पालन कराने के निर्देश दिए है, जिससे जाम न लगे। (संवाद)
फोटो-26 शुकुरुल्लापुर रेलवे ओवरब्रिज पर आवागवन बंद होने से क्रिकेट खेलते बच्चे। संवाद