शमसाबाद। थाना क्षेत्र के गांव रोशनाबाद में मॉडर्न विद्यालय के सामने से चिलसरा तक निर्माण के दौरान शुक्रवार सुबह सड़क किनारे की मिट्टी धंस गई। गिट्टी से भरा ट्रक पहियों समेत मिट्टी में धंसकर फंस गया। रोशनाबाद से फर्रुखाबाद जाने वाला संपर्क मार्ग कई घंटे बंद रहा। राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
सुबह करीब आठ बजे गिट्टी से भरा ट्रक निर्माणाधीन सड़क से गुजर रहा था। इसी दौरान सड़क किनारे की मिट्टी अचानक धंस गई और ट्रक का पहिया उसमें फंस गया। चालक ने काफी देर तक ट्रक निकालने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में मशीन की मदद से दोपहर में काफी मशक्कत के बाद ट्रक को शाम करीब 4 बजे के बाद निकाला जा सका।
इस दौरान मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। कई वाहन चालकों ने जाम से बचने के लिए दूसरे रास्तों का सहारा लिया। ट्रक निकलने के बाद मार्ग पर आवागमन सुचारु हो सका। थानाध्यक्ष सचिन चौधरी ने बताया कि ट्रक फंसने की उन्हें जानकारी देर से मिली।