फर्रुखाबाद। बेटी की शादी के कार्ड बांटने जा रहे बाइक सवार कानूनगो को ट्रक ने कुचल दिया। अस्पताल में उन्होंने दम तोड़ दिया। ट्रक लेकर चालक मौके से भाग गया।
जहानगंज थाने के गांव नगला खुरू निवासी जागेश्वर पाल (55) लखीमपुर खीरी में कानूनगो के पद पर तैनात थे। उन्होंने मकान शाहजहांपुर के मोहम्मदी मोहल्ले में बनवा लिया है। परिवार व बच्चों के साथ वहीं रहते हैं। उन्होंने अपनी बेटी अंजली का विवाह तय कर दिया था। 23 फरवरी को छिबरामऊ के गेस्ट हाउस में बरात आनी है।
वे बेटी की शादी के कार्ड बांटकर गुरुवार शाम करीब छह बजे सौरिख से गांव जा रहे थे। राजपूताना स्कूल के पास तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हेलमेट लगाए होने से सिर बच गया मगर शरीर में गंभीर चोटें आईं।
उन्हें लोहिया अस्पताल में भर्ती किया गया। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। हालत गंभीर होने पर रेफर कर दिया गया। परिजन उन्हें निजी अस्पताल ले गए। यहां जागेश्वर की मौत हो गई। इसके बाद उन्हें दोबारा लोहिया अस्पताल ले जाया गया। उनके छोटे भाई जगदीश पाल गांव में रहते हैं। बच्चों में राहुल, प्रियंका, अंजली, मुस्कान और आदर्श हैं। पत्नी शीला देवी का रो-रो कर बुरा हाल है।
इनसेट
शादी वाले घर में मातम
बेटी अंजली पाल की शादी की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। घर में उत्साह का माहौल था। रिश्तेदारों का आना शुरू हो गया। गाना-बजाना भी शुरू हो गया। अचानक परिवार पर ऊपर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। बेटी का बाबुल काल के गाल में समा गया। अंजली के पिता ने शादी के लिए छिबरामऊ में गेस्ट हाउस ले लिया था। 20 फरवरी को घना व ताई, 21 को तेल और 23 को तिलक है। अब हर कोई गमजदा है। सूचना मिलने पर बेटी के ससुराल पक्ष के लोग भी दुख की घड़ी में शामिल होने आ गए।