फर्रुखाबाद। पल्ला क्षेत्र में तीन दिन से बिजली संकट से परेशान 50 से अधिक महिला व पुरुषों ने चौक पर जाम लगा दिया। इससे चारों तरफ वाहनों की लाइनें लगने लगीं। बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की गई। सूचना मिलते ही पहुंची कोतवाली पुलिस ने समझा बुझाकर शांत कर जाम खुलवा दिया।
शहर के पल्ला मोहल्ला क्षेत्र में बिजली संकट बना हुआ है। स्थिति ऐसी है कि एक बार में आधा घंटा भी लगातार बिजली नहीं मिल पाती। बार-बार ट्रिपिंग होने से लोग परेशान हो रहे हैं। तीन दिन से मोहल्ले में बमुश्किल चार-पांच घंटे ही बिजली मिल रही है। इससे लोग पानी के लिए परेशान हैं। यही नहीं बिजली उपकरण भी ठप पड़े हैं। बिजली न होने से परेशान लोगों में गुस्सा पनप गया। दोपहर करीब दो बजे राजू बाथम, अनिल बाथम, संगीता बाथम, सोनी, रोलू, नित्या, आरती, विजय, चिराग, मुन्नी देवी, कल्लू, गुड्डू, कालू समेत करीब 50 लोगों की भीड़ नारेबाजी करती हुई चौक पर पहुंच गई। गुस्साए लोग सड़क पर जाम लगाकर बैठ गए। इससे रेलवे रोड, लोहाई रोड, नेहरू रोड और तहसील रोड पर वाहनों की कतारें लग गईं। चौक पर तैनात पुलिस कर्मियों ने समझाने का प्रयास किया, मगर वह नहीं माने। कुछ ही देर में कोतवाली पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने मोहल्ले वालों को समझा बुझाकर शांत किया। कहा कि वह बिजली अफसरों से बात करके आपूर्ति बहाल कराएंगे। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वह फिर से जाम लगाएंगे।