कायमगंज। भीषण गर्मी के बीच बृहस्पतिवार को कायमगंज में पेड़ों की छंटाई के कारण बिजली आपूर्ति करीब साढ़े तीन घंटे तक बाधित रही। इससे रुटौल उपकेंद्र से जुड़े फीडरों की आपूर्ति ठप हो गई, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली कटौती का असर बाजार पर भी दिखा, जहां कारोबार प्रभावित हुआ।
अचरा मार्ग पर 33केवी लाइन के आसपास पेड़ों की टहनियों की छंटाई का कार्य किया गया। यह कार्य दोपहर ढाई बजे से शाम पांच बजे तक चला, जिसमें दो किलोमीटर क्षेत्र को कवर किया गया। इससे पहले, दोपहर करीब डेढ़ बजे से ढाई बजे तक निर्धारित रोस्टिंग के तहत भी बिजली गायब रही। इस दौरान लगातार बिजली न मिलने से भीषण गर्मी में लोग बेहाल रहे और उन्हें काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। बाजार में अधिकांश दुकानों पर बिजली से चलने वाली मशीनें बंद रहीं, जिससे दैनिक कारोबार पर नकारात्मक प्रभाव पड़ा। शाम करीब पांच बजे के बाद बिजली आपूर्ति बहाल होने पर ही लोगों ने राहत की सांस ली। कनिष्ठ अभियंता जावेद अहमद ने इस संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह छंटाई गर्मी के मौसम में फॉल्ट से बचाव और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए की गई है। इस प्रयास से आगे उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली आपूर्ति मिल सकेगी।