शमसाबाद। नवाबगंज-मंझना के बीच 33 हजार बिजली लाइन पर पेड़ की डाल टूटकर गिरने से फाल्ट हो गया। इसके चलते हजियांपुर उपकेंद्र बंद हो गया। उपकेंद्र बंद होने से 60 गांवों की बिजली पांच घंटे तक गुल रही। बिजली कर्मचारियों ने फाल्ट ठीक कर आपूर्ति चालू करवाई।
नीबकरोरी पावर हाउस से हजियांपुर विद्युत उपकेंद्र को सप्लाई दी जाती है। इस उपकेंद्र से लगभग 60 गांवों को बिजली आपूर्ति होती है। शुक्रवार सुबह करीब सात बजे नवाबगंज और मंझना के बीच से गुजरी 33 हजार विद्युत लाइन पर पेड़ की डाल टूटकर गिर गई, जिससे फाल्ट होने से हजियांपुर उपकेंद्र बंद हो गया। इससे उलियापुर, परमनगर, नगला नान, असगरपुर, बैरमपुर, रोशनाबाद, हरसिंगपुर व नगला कलार समेत 60 गांवों की बिजली गुल हो गई। जानकारी मिलने पर बिजली कर्मचारी मौके पर पहुंचे और फाल्ट ठीक करना शुरू किया। दोपहर करीब तीन बजे फाल्ट ठीककर आपूर्ति चालू की गई। एसएसओ कुंअरपाल ने बताया कि 33 हजार लाइन पर पेड़ की डाल टूटकर गिरने से फाल्ट हो गया था। लाइन ठीक कर दोपहर तीन बजे बिजली आपूर्ति चालू कर दी गई। (संवाद)