फोटो-24, गैस प्लांट के बाहर खड़े ट्रक। संवाद
मोहम्मदाबाद (फर्रुखाबाद)। इंडेन गैस बॉटलिंग प्लांट पर लोड में कमी और भाड़े की समस्या से नाराज ट्रांसपोर्टरों ने बुधवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी। हड़ताल के चलते भरे हुए सिलिंडर की आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है।
ट्रांसपोर्टरों का कहना है कि उन्हें महीने में सिर्फ 8 से 10 चक्कर ही मिल रहे हैं, जिससे गाड़ियों का खर्चा तक नहीं निकल पा रहा। बार-बार शिकायत करने के बावजूद कोई समाधान नहीं निकला। इससे नाराज होकर बुधवार सुबह सभी 10 ट्रांसपोर्टर अपनी करीब 70 गाड़ियों को खड़ा कर हड़ताल पर बैठ गए हैं। आरोप लगाया कि जिन गोदाम मालिकों के पास अपनी निजी गाड़ियां हैं, उनका लोड निरंतर भरा जा रहा है, जबकि बाकी ट्रांसपोर्टरों की गाड़ियां पार्किंग में ही खड़ी हैं।
हड़ताल की घोषणा होने के बाद सुबह से ही प्लांट परिसर में ट्रकों की लंबी कतारें लगी रहीं। ट्रांसपोर्टर सतेंद्र सिंह का कहना है कि जब तक उन्हें पूरे महीने का काम और उचित भाड़ा नहीं मिलेगा, हड़ताल जारी रहेगी।
अंगद सिंह, विनोद, अशोक, विजय प्रताप , सत्यम, अरविंद आदि चालकों ने बताया कि यहां से लोड कम मिलने के कारण कन्नौज जिले में कानपुर से, मैनपुरी और एटा में अलीगढ़ से बदायूं में शाहजहांपुर प्लांट से गैस मंगवाई जा रही है। गैस प्लांट के प्रबंधक (डीजीएम) किशोर बेहरा ने बताया कि समस्या का समाधान आपसी बातचीत से निकाला जाएगा। ट्रांसपोर्टरों से बातचीत चल रही है।
फोटो-24, गैस प्लांट के बाहर खड़े ट्रक। संवाद