फर्रुखाबाद। बहन के घर आए एक युवक की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। देर रात रेलवे के ट्रैकमैन ने मृत पड़े युवक की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद रिश्तेदार पहुंचे।
विज्ञापन
मऊदरवाजा थाने के गांव नगला समाधान निवासी पुष्पेंद्र के घर पर हरदोई के गांव बेलसर, पचदेवरा निवासी साला मनीष (30) आया था। शनिवार शाम वह घर से लापता हो गया। रिश्तेदार उसकी खोजबीन करते रहे, मगर कुछ पता नहीं चला। देर रात रेलवे के ट्रैकमैन ने पटरी का निरीक्षण करते समय नगला समाधान के पास रेल लाइन के किनारे शव पड़ा देखा। इसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया। बहनोई पुष्पेंद्र ने शव देखा, तो परिजन में चीख पुकार मच गई। थानाध्यक्ष अजब सिंह ने बताया कि ट्रेन की चपेट में आने से मनीष की मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।