फर्रुखाबाद। रामनगरिया मेले की भव्यता दिनों-दिन बढ़ती जा रही है। साप्ताहिक अवकाश होने के कारण फर्रुखाबाद समेत कई जिलों से हजारों श्रद्धालु गंगा स्नान व मेले में शिरकत करने पहुंचे। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और अव्यवस्थित यातायात के कारण शहर से लेकर इटावा-बरेली हाईवे तक लंबा जाम लग गया। सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लगने से राहगीरों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
रविवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण पांचाल घाट पुल पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई। गंगा स्नान के लिए पहुंची भीड़ और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण मार्ग बाधित हो गया। लोग घंटों जाम में फंसे रहे, लेकिन यातायात पुलिस बेबस नजर आई।
-
मसेनी चौराहे से लेकर हाईवे तक रेंगते रहे वाहन
शहर के प्रमुख चौराहों और मार्गों पर भी जाम की स्थिति बनी रही। मसेनी चौराहे पर घंटों तक वाहन रेंगते रहे, जिससे स्थानीय लोगों को भी काफी दिक्कत हुई। वहीं, इटावा-बरेली हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। कई श्रद्धालु पैदल ही मेले तक जाने को मजबूर हुए।
पुलिसकर्मी बने मूकदर्शक, यातायात नियंत्रण के प्रयास नाकाफी
भीषण जाम के बावजूद पुलिसकर्मी स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठा सके। पुलिस की ओर से ट्रैफिक डायवर्जन या अतिरिक्त जवानों की तैनाती की कोई व्यवस्था नहीं की गई, जिससे हालात और बिगड़ गए।
राहगीरों और श्रद्धालुओं को हुई भारी परेशानी
मेले में पहुंचे श्रद्धालु और स्थानीय लोग जाम के कारण परेशान नजर आए। बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा मुश्किलों का सामना करना पड़ा। कई लोगों को समय पर गंगा स्नान तक नहीं करने मिला। स्थानीय व्यापारियों ने भी जाम की समस्या को लेकर प्रशासन की लापरवाही पर नाराजगी जताई।
-
प्रशासन से यातायात व्यवस्था सुधारने की मांग
स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने प्रशासन से मांग की है कि मेले के दौरान यातायात व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी परेशानियों का सामना न करना पड़े। पुलिस प्रशासन की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
-
चौराहों और मेला क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल तैनात है। ट्रैफिक के सिपाही भी हर चौराहे पर तैनात किए गए है। भीड़ बहुत अधिक थी। यातायात व्यवस्था दुरुस्त रहे इसके लिए पर्याप्त प्रयास किए जा रहे हैं। - सतेंद्र सिंह, यातायात प्रभारी