फर्रुखाबाद। रुपये के लेनदेन को लेकर व्यापारियों के दो पक्ष भिड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में ले लिया। कोतवाली में पुलिस के सामने दोनों पक्षों में विवाद हुआ। कुछ देर में दोनों पक्षों की ओर से व्यापारी नेता पहुंच गए। दुकानदार ने तोड़फोड़, नकदी और चेन लूटने का आरोप लगाया। पुलिस ने तहरीर मिलने पर कार्रवाई की बात कही है।
शहर के मोहल्ला लिंजीगंज निवासी अनिल कुमार उर्फ लालू कनौजिया की नितगंजा उत्तर में जूता-चप्पल की दुकान है। रविवार दोपहर करीब तीन बजे उनका पुत्र रितिक कनौजिया दुकान पर बैठा था। उसी समय कुछ लोगों से विवाद के बाद मारपीट हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में ले लिया। कोतवाली में अनिल कुमार और दूसरे पक्ष के राजेशानंद पांडेय में विवाद शुरू हो गया।
महिला दरोगा ने दोनों पक्षों को शांत रहने की हिदायत दी। कुछ ही देर में व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष संजीव मिश्रा, महामंत्री प्रमोद गुप्ता समेत कई व्यापारी नेता पहुंच गए। दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, मगर दोनों तहरीर देने पर अड़े रहे।
दुकानदार अनिल कुमार का कहना है कि उन्होंने नई बस्ती के कपड़ा व्यवसायी देवानंद पांडेय से एक लाख रुपये लिए थे। उसके बदले सवा लाख दे चुके हैं। मगर यह जबरन ज्यादा पैसा वसूलने का दबाव बना रहे हैं। दुकान में मारपीट के बाद तोड़फोड़ की। उन्होंने गले से चेन और एक लाख रुपये भी निकालने का आरोप लगाया।
दूसरे पक्ष के देवानंद पांडेय के परिजन राजेशानंद पांडेय ने बताया कि अनिल कुमार ने पांच लाख रुपये उधार लिए थे। इसके बदले एक चेक दिया था। वादे के बाद बैंक में चेक बाउंस हो गया। कई बार रुपये देने के लिए कहा, मगर नहीं दिए। रविवार को उन्होंने दुकान पर बुलाया और विवाद शुरू कर दिया। मारपीट और रुपये, चेन ले जाने का आरोप निराधार है। दोनों पक्ष तहरीर देने के लिए देर शाम तक कोतवाली में ही डटे रहे। कोतवाल विनोद शुक्ला ने बताया कि पूछताछ के लिए कुछ लोग बैठे हैं। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।