फर्रुखाबाद। चंदा देने से इन्कार करने पर दबंगों ने व्यापारी को पीट दिया। इससे लामबंद व्यापारियों ने कोतवाली में हंगामा कर दिया। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेकर शांतिभंग की कार्रवाई की। दूसरे पक्ष के कई लोग पहुंच गए। करीब दो घंटे तक कोतवाली में व्यापारियों का जमघट लगा रहा।
शहर के नितगंजा निवासी नीरज गुप्ता उर्फ ईशू के पास कई कंपनियों की एजेंसी है। वह बुधवार शाम दुकान पर बैठे थे। उसी समय घुमना निवासी एक दबंग आया। उसने चंदे में दो हजार रुपये मांगे। नीरज ने कम रुपये देने के लिए कहा तो वह गालीगलौज पर उतर आया। नीरज ने उसे दुकान से भगा दिया। कुछ देर में वह कई अन्य लोगों साथ लाठी-डंडों और हॉकी लेकर पहुंचा और नीरज पर हमला बोल दिया।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों ने नीरज को बचाया। सूचना मिलते ही शहर के कई व्यापारी नेता कोतवाली पहुंच गए। व्यापारियों ने हंगामा शुरू कर दिया। विवाद बढ़ता देख पुलिस ने एक युवक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने नीरज का डॉक्टरी परीक्षण करवाया। इसी दौरान दूसरे पक्ष के कई लोग कोतवाली पहुंच गए। दोनों पक्षों में समझौते का प्रयास किया गया। नीरज ने दो नामजद और तीन अज्ञात पर तहरीर दी है। पुलिस ने एक युवक पर शांतिभंग की कार्रवाई की है।
पुलिस की कार से टकराकर युवक घायल
फर्रुखाबाद। फतेहगढ़ के मोहल्ला ग्वालटोली निवासी रोहित चतुर्वेदी (27) गुरुवार सुबह बाइक से सैनिक अस्पताल में काम करने जा रहा था। जब गल्ला मंडी के पास पहुंचा तो एक पुुलिस की कार से टकरा गया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसका पैर टूटने के साथ करीब 30 टांके आए हैं। (संवाद)
-