ट्रैक्टर से आलू बीज लाते समय बेकाबू हुई ट्रैक्टर-ट्राली पलट गई। इस हादसे में एक ग्रामीण की मौके पर मौत हो गई, जबकि अन्य ग्रामीण घायल हो गए। घायलों को लोहिया अस्पताल भेजा गया।
जिला हरदोई थाना लोनार के गांव पदमलापुर निवासी राधेश्याम, विजयपाल, रामाधार जिला कन्नौज के गुरसहायगंज स्थित आशा कोल्ड स्टोरेज से शुक्रवार शाम ट्रैक्टर से आलू का बीज लेकर घर लौट रहे थे। इस ट्रैक्टर को गुरसहायगंज के पुराभोज निवासी आशाराम चला रहा था। उसके साथ में रामतीर्थ भी बैठा था।
जब यह ट्रैक्टर इटावा-बरेली हाईवे डबरी के पास से गुजर रहा था। उसी समय सामने से आ रहे मार्शल जीप को बचाते समय ट्रैक्टर बेकाबू होकर पलट गया। इस हादसे में ट्राली पर बैठे सभी ग्रामीण दब गए। हादसे के बाद मार्शल चालक वाहन लेकर मौके से भाग गया। घटना देख आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
मामले की सूचना पुलिस को दी गई। इस हादसे में रामतीर्थ की मौत हो गई, जबकि अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस से लोहिया अस्पताल भेजा गया।