मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के पंचम नगरिया मोड़ के पास रेस लगा रहे दो ट्रैक्टर सामने से आ रहे बाइक सवार को बचाने में अनियंत्रित हो गए। एक ट्रैक्टर की ट्राली पलट गई। उसमें सवार महिला व बच्चे की मौत हो गई। हादसे में 21 लोग घायल हो गए। 17 को गंभीर हालत में लोहिया अस्पताल रेफर किया गया। सूचना पर एसडीएम सदर, मोहम्मदाबाद कोतवाल, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आदि मौके पर पहुंचे।
मेरापुर थाना क्षेत्र के देवसनी गांव निवासी देवलाल लोधी के बेटे का मंगलवार को मोहम्मदाबाद नीबकरोरी धाम मंदिर में अन्नाप्रासन (मुंहबोर) संस्कार था। गांव के लोग जगमोहन के ट्रैक्टर से मंदिर गए थे। लौटते समय जगमोहन की एक अन्य ट्रैक्टर वाले से रेस होने लगी। पंचम नगरिया मोड़ के पास सामने से आ रही बाइक को बचाने में दोनों ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गए। जगमोहन के ट्रैक्टर की ट्राली पलट गई। उसमें बैठीं देवसनी निवासी गुड्डी देवी (38) पत्नी सत्यवीर लोधी और कमालगंज के गुलरिया नगला निवासी श्यामू (13) की मौके पर ही मौत हो गई। चालक जगमोहन, अनीता पत्नी प्रमोद, सुनीता पत्नी चंद्रप्रकाश, संतोषी पत्नी शिवप्रताप, रंजना पत्नी अशोक, ममता पत्नी राजेंद्र, स्नेह लता पत्नी हीरालाल, शंकर, सादल, लीला पत्नी रामकिशन, शकुंतला, आशू पुत्री बादशाह, पुजा व वर्षा पुत्री दौलतराम, रानी देवी पत्नी रक्षपाल, रोहित, पंकज और टिंकू घायल हो गए। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने घायलों को सीएचसी मोहम्मदाबाद भेजा, जहां से 17 को लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां से रोहिला निवासी सोनी पति रीतेश यादव के साथ बाइक से जा रही थी। वह भी ट्रैक्टर की चपेट में आकर घायल हो गई। इसके अलावा दो अन्य चोटिल हो गए।
बुआ के घर आया और चली गई जान
हादसे में मृत श्यामू कमालगंज के गुलरिया नगला का निवासी है। वह दो दिन पहले ही अपनी बुआ मैना देवी के घर देवसनी आया था। मैना देवी के साथ ही वह अन्नाप्रासन संस्कार में गया था।
45 मिनट बाद पहुंचे सीएचसी प्रभारी
घायलों के अस्पताल पहुंचने के लगभग 45 मिनट बाद सीएचसी प्रभारी पीएस विमल अस्पताल पहुंचे। उनसे पहले एसडीएम सदर अजीत कुमार सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ईशान कुमार और एएसपी त्रिभुवन सिंह मौके पर पहुंच गए थे। हालांकि अस्पताल में मौजूद डॉक्टर हरिमाधव सरन और फार्मेसिस्ट मनोज यादव, जगमोहन यादव व योगेश यादव ने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया।