कंपिल। गांव धनी का नगला में ट्रैक्टर की चपेट में आने से छह वर्षीय बालक की दर्दनाक मौत हो गई। उसके साथ खेल रहा दूसरा बालक घायल हो गया।
धनी का नगला में एक ग्रामीण के यहां रविवार रात लिंटर पड़ने के बाद चालक ट्रैक्टर व मिक्सर मशीन लेकर जा रहा था। गांव निवासी जलालुद्दीन का छह वर्षीय पुत्र मोहित घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान बालक ट्रैक्टर की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गांव का ही मनोज (6) पुत्र मुन्नालाल घायल हो गया। मोहित के परिजनों में कोहराम मच गया। चालक मौके पर ट्रैक्टर छोड़ फरार हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। ट्रैक्टर मिक्सर मशीन को कब्जे में लेकर थाने ले आई। सोमवार सुबह दरोगा मंगल सिंह ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।