थाना क्षेत्र के गांव मंझा की मढ़ैया में ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक ग्रामीण का छप्पर गिर गया। इस पर ट्रैक्टर चालक व ग्रामीण में विवाद हो गया। सूचना पर यूपी-100 पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक को पकड़ लिया। तभी वहां पहुंचे चालक के साथियों ने यूपी 100 टीम से मारपीट कर दी। मारपीट में हेड कांस्टेबल घायल हो गया। जब तक अमृतपुर व राजेपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, आरोपी भाग गए। देर शाम एसपी संतोष मिश्रा ने गांव पहुंच कर ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली।
थाना क्षेत्र के गांव करनपुर घाट निवासी छेदालाल का ट्रैक्टर है। शुक्रवार को चालक सहदेव ट्रैक्टर लेकर मंझा की मढ़ैया गांव में गन्ना भरने गया था। वापस आते समय रास्ते में पड़ी राजू की झोपड़ी ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आने से गिर गई। इससे सहदेव व राजू में विवाद होने लगा। गांव के ही पृथ्वीराज ने यूपी-100 को विवाद की सूचना दी। यूपी-100 टीम ने मौके पर पहुंच कर सहदेव को पकड़ लिया। इसी दौरान उसके परिवार वाले आ गए। यह पुलिसकर्मियों से मारपीट करने लगे। हमलावरों ने हेड कांस्टेबल शिवसिंह के सिर में पीछे लाठी मार दी। इससे इनका सिर फट गया। सिपाही जितेंद्र व मुकेश के साथ भी ग्रामीणों ने मारपीट की। सूचना पर अमृतपुर थानाध्यक्ष रामप्रकाश फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। राजेपुर पुलिस व यूपी-100 पुलिस की अन्य गाड़ियां भी मौके पर पहुंच गईं। तब तक आरोपी मौके से भाग चुके थे। पुलिस शिकायत करने वाले पृथ्वीराज व गांव के नरेश को थाने ले आई। सिपाही शिवसिंह को मेडिकल के लिए भेजा गया। देर शाम एसपी संतोष मिश्रा ने गांव पहुंच कर ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। हमलावरों के घरों पर पुलिस ने दबिश दी। आरोपी घरों में नहीं मिले।