फर्रुखाबाद। मतदाता सूचियों से बड़ी संख्या में लोगों के नाम कटने के विरोध में सपा ने पैदल मार्च निकाला। इसके बाद मुख्य चुनाव आयुक्त का इस्तीफा मांगते हुए दो पुतला दहन किए। जिलाध्यक्ष ने अनुच्छेद 360 पढ़कर सुनाया।
जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव की अगुवाई में पार्टी नेता भोलेपुर में एकत्रित हुए। कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर फतेहगढ़ चौराहे की तरफ कूच किया। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल मुस्तैद रहा। पैदल मार्च जेएनवी रोड स्थित डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा के पास पहुंचा, तो अनुषांगिक संगठनों के नेता गोपनीय तरीके से तीन पुतले लेकर पहुंचे। सभी ने पुतलों को आग के हवाले कर दिया। बताया कि तीनों पुतले मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के थे।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि इस समय आपातकाल जैसे हालात हैं। उन्होंने लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता एवं मतदाता अधिकारों की रक्षा की मांग की। इस दौरान पूर्व विधायक अजीत कठेरिया, उर्मिला राजपूत, सर्वेश आंबेडकर, नदीम फारूकी, सरल दुबे, राशिद जमाल सिद्दीकी, हरीश कुमार, विवेक सिंह यादव, सौरभ कटियार आदि थे।
फोटो खिंचाने की रही होड़
जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव जिस समय अनुच्छेद 360 पढ़ रहे थे, उस समय कई वरिष्ठ नेता साथ में फोटो खिंचाने के लिए काफी आतुर दिखे। एक नेता तो पीछे से आगे आने के लिए साथी नेताओं को हटाते दिखे।