फर्रुखाबाद। बुधवार को गंगा दशहरा के अवसर पर पांचाल घाट पर सुबह चार बजे से ही हर-हर गंगे के उद्घोष के साथ श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाई। तट पर दिनभर पूजा पाठ चलता रहा। भक्तों ने सत्यनारायण की कथा के साथ कन्याभोज कर दान देकर पुण्य कमाया।
ज्येष्ठ शुक्ल पक्ष की दशमी को गंगा दशहरा मनाया गया। पांचाल घाट, ढाईघाट, अटेनाघाट, मड़ैयनघाट पर बड़ी संख्या में स्नानार्थी पहुंचे। सुबह चार बजे से ही हर-हर गंगे उद्घोष से घाट गूंजने लगे। पांचाल घाट पर सुबह छह बजे के बाद भीड़ बढ़ गई। गंगा तटों पर बैरिकेडिंग कर एनडीआरएफ और पुलिस की टीमों ने गहरे पानी में नहीं जाने दिया। गंगा तट पर मैनपुरी, इटावा, फिरोजाबाद, हरदोई, शाहजहांपुर, गोला, सीतापुर आदि जिलों के लोग पहुंचे। पांचाल घाट पुल पर भीड़ बढ़ने पर वाहनों को रेंग-रेंग कर निकलना पड़ा। पुलिस प्रशासन ने हाईवे पर जाम से बचने के लिए भारी वाहनों का आवागमन रुकवा दिया था।
रेलवे स्टेशन पर उमड़ी भीड़
रेलवे स्टेशन से मैनपुरी से आने और जाने वाली सुबह व शाम की ट्रेनों के दौरान खासी भीड़ रही। टिकट खिड़की के अलावा प्लेटफार्म चार और पांच पर ट्रेन के आने-जाने के दौरान धक्कामुक्की भी हुई।