फर्रुखाबाद। जनपद की छह ग्राम पंचायतों में रविवार को प्रधान पद के लिए हुए मतदान में 75 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मंगलवार को होगा। चार ब्लाक कार्यालयों में मतपेटिकाओं में कैद उनकी किस्मत का ताला खोला जाएगा। अब देखना यह है कि भाग्यविधाताओं ने किन छह दावेदारों को जीत का ताज पहनाया और कौन से 69 प्रत्याशियों को निराश किया है।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में 29 अप्रैल को मतदान से पहले ग्राम पंचायतों में प्रधान पद के एक-एक प्रत्याशी की मौत हो गई थी। इससे इन ग्राम पंचायतों में 9 मई को प्रधान पद के लिए मतदान कराया गया है।
मंगलवार को सुबह आठ बजे से बढ़पुर ब्लाक कार्यालय के स्ट्रांग रूम में ग्राम पंचायत महरूपुुर सहजू, शमसाबाद में ग्राम पंचायत कासिमपुर तराई, राजेपुर में ग्राम पंचायत भुसेरा व ब्लाक कमालगंज के स्ट्रांग रूम में ग्राम पंचायत बिचपुरी, भड़ौसा व अजीजलपुर की मतगणना की जाएगी।
इन छह ग्राम पंचायतों में प्रधान पद के 75 प्रत्याशी चुनावी मैदान में थे। इससे उन्हें मतगणना में अपनी असली ताकत का एहसास हो जाएगा। छह प्रत्याशी अपनी ग्राम पंचायतों में सरकार बनाएंगे, जबकि शेष 69 दावेदारों को हार का सामना करना पड़ेगा।