तंबाकू गोदाम दीवार बारिश से भीगने के कारण रविवार सुबह भरभरा कर गई। इसके नीचे दबने से इंटर के छात्र की मौत हो गई। विधायक, एसडीएम और चेयरमैन घटना स्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से जानकारी ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
नगर के मोहल्ला नईबस्ती निवासी सुरेश बाल्मीकि का पुत्र विशन (21) घर से थोड़ी दूर पर खेत पर दोस्त विक्की व पुन्नू के साथ शौच करने गया था। रविवार की सुबह हुई बारिश से भीगी तंबाकू गोदाम की दीवार विशन पर गिर गई। इसके नीचे वह दब गया। दोस्तों के शोर मचाने पर गांव के लोग पहुंचे और मलबा हटाकर उसे निकाल सीएचसी लेकर गए। वहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के बीमार पिता सुरेश व उसकी मां का रो रो कर बुरा हाल हो गया। विशन भाई-बहनों में सबसे छोटा था।
उसके पिता ने बताया कि वह नगर पालिका में सफाई कर्मचारी की नौकरी करता है। जब से वह बीमार है, तब से उसका बेटा उसके स्थान पर सफाई का काम करता था। युवक की मौत की सूचना पर विधायक अमर सिंह खटिक, चेयरमैन सुनील चक, एसडीएम बृज किशोर दुबे, सीओ नरेश कुमार व एसएसआई आरएस वर्मा फोर्स के साथ पहुंचे। विधायक ने उपजिलाधिकारी से युवक की मौत पर उसे मुख्यमंत्री राहत कोष से सहायता दिलाने के लिए कहा। वह नगर के एसएनएम इंटर कालेज में इंटर का छात्र था। युवक के मौत की जानकारी पर गोदाम मालिक रामकुमार अग्रवाल भी पहुंच गए और युवक के परिजनों को ढांढस बंधाया।